फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दशहरा मेला के अंतर्गत दसवीं के दिन यानी 20 अक्टूबर को लगने वाले ऐतिहासिक फरिहा मेला की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। पुलिस प्रशासन भी इस ऐतिहासिक मेले को लेकर काफी चौकन्ना नजर आ रहा है।
मेले को लेकर बाजार में काफी चहल-पहल नजर आ रही है। सभी दुकानदार अपनी दुकानें एक दिन पूर्व ही निर्धारित जगह को चिन्हित कर चुके हैं। इस मेले में कुल 5 मां दुर्गा की मूर्तियों की स्थापना होती है जिसमें श्री दुर्गा पूजा समिति, बाल दल, शिव पार्वती दल, बजरंग दल, एवं आजाद दल पूजा समिति की तरफ से मूर्ति स्थापित की जाती है। इस ऐतिहासिक मेले को अति सुंदर बनाने के लिए बाल दल द्वारा देवी जागरण का कार्यक्रम भी सुनिश्चित किया गया है। श्री दुर्गा पूजा समिति की तरफ से बिरहे का आयोजन भी किया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी अपराह्न 3 बजे से ही रूट डायवर्जन रहेगा। प्रभारी थानाध्यक्ष डीके श्रीवास्तव और चौकी प्रभारी नवल किशोर सिंह ने बताया कि अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-जयहिन्द यादव