ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में नौनिहालों ने दिखाया दमखम

शेयर करे

बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज विकास खंड के पटवध स्थित एक विद्यालय के खेल मैदान में शनिवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने मार्च पास्ट कर रहे प्रतिभागियों की परेड की सलामी ली। समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्राथमिक स्तर 100 मीटर बालक वर्ग दौड़ में रितेश प्रथम रहे। वहीं 50 मीटर दौड़ में अंशुमान ने बाजी मारी। जूनियर बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में मोहम्मद जैश ने प्रथम व नीरज सरोज दूसरे स्थान पर रहे।
कबड्डी जूनियर बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में कंपोजिट स्कूल मल्लूपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
पीटी प्रदर्शन प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक विद्यालय पटवध की टीम प्रथम रही। जूनियर बालक वर्ग में जोलहा जमुआ और जूनियर बालिका वर्ग में कंपोजिट स्कूल खालिसपुर की टीम विजेता बनी।
कार्यक्रम के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर राम बदन यादव, पंकज राय, सूर्य कुमार राय, अभिषेक यादव, श्रीकांत यादव, ओमप्रकाश, रामदुलारे सिंह, कपिलदेव सिंह, सुधीर निगम, इंद्रप्रताप यादव सहित तमाम शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *