छः माह कार्यकाल बढ़ने से प्रशासकों के खिले चेहरे

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शासन की ओर से ग्राम पंचायतों में प्रशासकों का कार्यकाल छह माह बढ़ाए जाने के फैसले से ग्राम प्रशासकों के चेहरे पर खुशी तो दिखाई दे रही है, लेकिन नए नियमों की जटिलता और ब्लाक से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अपेक्षित सहयोग न मिलने से उनकी चिंता भी बढ़ गई है।
स्थानीय ब्लाक क्षेत्र में कुल 89 ग्राम पंचायतें हैं। सभी ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो गया था। इसके बाद शासन ने प्रदेशभर में ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त कर दिया। कार्यकाल समाप्त होने से पहले ग्राम पंचायतों में स्वीकृत और प्रस्तावित कार्यों में से अधूरे कार्यों तथा किन्हीं कारणों से लंबित भुगतान की अनुमति दी गई थी। हालांकि, नए कार्यों की स्वीकृति जिलाधिकारी से लेने का निर्देश जारी किया गया।
शासन की ओर से छह माह का कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले से प्रशासकों को उम्मीद जगी है कि अब गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी। लेकिन उनका कहना है कि अधिकारियों के असहयोगात्मक रवैये के कारण अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्राम प्रशासक लालमती (गोबरहा), महताब (चमावा), सुमन (सिंगारपुर), हरेंद्र चौहान (कतरानूरपुर), रेनू यादव (जोमा), राजबहादुर यादव (सुदनीपुर) आदि ने बताया कि 25 मई को प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें प्रशासक बनाया गया। छह माह के दौरान कहीं पुराने कार्यों का भुगतान हुआ तो कहीं नए कार्यों की स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू कराया गया। लेकिन फाइलों को स्वीकृत कराने में ही महीनों निकल गए। यदि अधिकारियों का यही रवैया रहा तो छह माह का बढ़ा हुआ कार्यकाल भी इसी तरह बीत जाएगा और प्रशासक मुहर लेकर गांव से ब्लाक तक चक्कर लगाते रह जाएंगे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *