जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत तीन घायल

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भोगईचा गांव में जमीन को लेकर एक वर्ष से चल रहा विवाद शनिवार की सुबह मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दीवार गिराने का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं सहित परिवार के सदस्यों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भोगईचा गांव निवासी संजय पांडेय के अनुसार, उनके घर के बगल में स्थित आबादी की जमीन पर उन्होंने सात फीट ऊंची और 26 फीट लंबी दीवार बनवाई है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी दीवार गिराई जा चुकी है, जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की गई थी।
संजय पांडेय का आरोप है कि शनिवार की सुबह दीवार गिराने का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के 10 से 15 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। घटना में संजय पांडेय, उनकी पत्नी संगीता पांडेय और पुत्र सुजीत पांडेय घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिवकुमार यादव ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामले में संजय पांडेय ने अहरौला थाने में लिखित तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार नामजद सहित 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *