नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष का हुआ स्वागत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्राम्य विकास मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष बृज किशोर सिंह का सोमवार को जनपद आगमन पर कर्मचारियों और समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया।
विगत 21 नवंबर को लखनऊ में संपन्न हुए चुनाव में प्रांतीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद उनकी जनपद वापसी पर रैदोपुर कॉलोनी स्थित निजी आवास से एक विशाल जुलूस निकाला गया जो कलेक्ट्रेट चौराहे, आयुक्त कार्यालय और कृषि कार्यालय होते हुए विकास भवन प्रांगण पहुंचा, जहां एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में कर्मचारियों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर अभिनंदन किया।
प्रांतीय अध्यक्ष बृज किशोर सिंह ने कहा कि प्रदेश के 33 जनपदों और विकास खंडों में प्रशासनिक व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के रिक्त पदों को भरवाने की मांग को अगले दो महीनों के भीतर ग्राम विकास आयुक्त से लेकर मुख्यमंत्री तक प्रमुखता से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आचार संहिता या अन्य कारणों से देरी होती है, तो आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन के माध्यम से भी कर्मचारी हितों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने बीडीओ संवर्ग के साथ आपसी समन्वय बनाकर सरकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पूर्व संरक्षक गिरीश चतुर्वेदी, राज्य कर्मचारी महासंघ के मंडल अध्यक्ष रामजन्म प्रसाद रावत, लेखा संवर्ग के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *