ब्लॉक मिशन प्रबंधकों पर शोषण और वसूली का आरोप

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार की महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना फूलपुर ब्लॉक में गंभीर आरोपों के घेरे में है। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से संचालित इस योजना में समूह सखियों ने ब्लॉक मिशन प्रबंधकों पर शोषण, धन की मांग और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। समूह सखियों का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते योजना का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।
फूलपुर ब्लॉक में तैनात ब्लॉक मिशन मैनेजर सरीन फातिमा और गोपाल गौतम पर समूह सखियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राम पंचायत पल्थी की बबिता मौर्य, डीहपुर की सावित्री मौर्य, रेखा, नेवादा की नीलम, शेखबलिया की मिथिलेश सहित अन्य समूह सखियों ने इस संबंध में बीडीओ और जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायतों की जांच एडीओ आईएसबी राजेंद्र प्रसाद से कराई गई। समूह सखियों के अनुसार जांच में उनकी शिकायतें सही पाई गईं और जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर दी गई।
इसके बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से समूह सखियों में नाराजगी है। समूह सखियों ने जिलाधिकारी से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए आरोपित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों का स्थानांतरण कराने तथा योजना के संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *