फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के बैनर तले रोजगार सेवकों ने 21 नवंबर शनिवार से कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। वहीं, मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर 3 दिसंबर को विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।
ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा की ओर से बीडीओ फूलपुर को दिए गए पत्र में बताया गया है कि ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफओ भुगतान सहित अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर शासन और विभागीय अधिकारियों से लगातार वार्ता भी की जा रही है।
13 नवंबर को आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग के साथ मोर्चा के प्रांतीय पदाधिकारियों की वार्ता हुई थी। इसमें समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस निर्णय अथवा आधिकारिक घोषणा नहीं होने से रोजगार सेवकों में नाराजगी बढ़ गई है।
मोर्चा ने शासन की उदासीनता पर असंतोष जताते हुए कहा कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक 21 नवंबर से सभी रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार करेंगे। साथ ही 3 दिसंबर को विधानसभा घेराव की चेतावनी भी दी गई है। इस संबंध में शुक्रवार को बीडीओ फूलपुर को लिखित सूचना दी गई है।
इस मौके पर साहब लाल चौरसिया, राजबकुमार यादव, नीलम यादव, सुनीता यादव, चंद्रेश कुमार आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय