बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गांधी शताब्दी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोयलसा में शिक्षा जगत में विशिष्ट पहचान रखने वाले और क्षेत्र के मालवीय कहे जाने वाले रमाशंकर सिंह की 24वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी ने कहा कि यह क्षेत्र हमेशा रमाशंकर सिंह का ऋणी रहेगा। उन्होंने शिक्षा की अलख जगाने के उद्देश्य से अनेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा का विस्तार हुआ और हजारों युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला।
विशिष्ट अतिथि नेत्र चिकित्सक डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोग रमाशंकर सिंह को मालवीय के रूप में जानते हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व की जितनी सराहना की जाए, कम है। उनके प्रयासों से इस क्षेत्र ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. नितिन सिंह ने कहा कि रमाशंकर सिंह ने सैकड़ों महाविद्यालयों की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके द्वारा जगाई गई शिक्षा की अलख का परिणाम है कि आज क्षेत्र के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर देश के सर्वाेच्च पदों पर पहुंचकर क्षेत्र और परिवार का गौरव बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को बाबा देवरहवा स्कॉलरशिप योजना के तहत सम्मानित किया गया। अंत में महाविद्यालय के पुरंजय सिंह चंदेल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. स्वास्तिक सिंह, डॉ. धीरेंद्र कुमार गुप्ता, आशा सिंह दुर्गावती सिंह, राजेश विश्वकर्मा, डॉ. अजय गौतम, डॉ. निखिल सिंह, डॉ. जयराम यादव, चंदन कुमार, विनीत तिवारी, गौरव सिंह, आलोक सिंह, अशोक सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह