मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रयागराज-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह सड़क किनारे करीब 30 साल के युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे पहचान नहीं हो सकी। शव से करीब 500 मीटर दूर सिल्वर रंग की एक स्कूटी भी मिली है। स्कूटी की चाबी मृतक के पास पड़ी थी।
मामला बरदह थाना क्षेत्र के जिवली का है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे सड़क हादसा मान रही है, जबकि कुछ ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बुधवार सुबह जिवली साधन सहकारी समिति के सामने ग्रामीणों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। घटनास्थल के आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिले। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक ने नीचे फुल लोअर और ऊपर दो टी-शर्ट पहन रखी थीं। उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी