फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। फूलपुर तहसील मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत सुदनीपुर में वर्षों से सफाई कर्मी की तैनाती नहीं होने के कारण गांव में साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल है। प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन सहित सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी की उपस्थिति में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री महेंद्र भारती ने इस समस्या को लेकर लिखित शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सुदनीपुर में लंबे समय से सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं होने के कारण नियमित साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने आने वाले नौनिहालों को गंदगी के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं पंचायत भवन की स्थिति भी खराब है। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन में गंदगी के कारण सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत ग्रामीणों को पंचायत कार्यालय से मिलने वाली ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाने में भी परेशानी हो रही है।
महेंद्र भारती ने बताया कि सुदनीपुर तहसील मुख्यालय की ग्राम पंचायत है, इसके बावजूद यहां सफाई कर्मी की तैनाती नहीं है। जबकि ब्लॉक क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में तीन से चार सफाई कर्मी तैनात हैं। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत और खंड विकास अधिकारी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि वह स्वयं इसी ग्राम पंचायत के निवासी और पूर्व प्रधान रह चुके हैं। ऐसे में गांव की समस्या से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से जनहित में ग्राम पंचायत सुदनीपुर में सफाई कर्मी की नियुक्ति कर नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय