बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र के उसरी गांव निवासी राममिलन पुत्र सोचिल ने गांव के एक व्यक्ति पर चकमार्ग संख्या 84 पर अवैध अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि चकबंदी के समय से ही उक्त चकमार्ग पर कब्जा किया गया है, जिसके चलते उन्हें आवागमन सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राममिलन का आरोप है कि इस मामले को लेकर उन्होंने तहसील स्तर से लेकर जिला स्तर तक कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने अपनी समस्या मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज कराई तो राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके की वास्तविक स्थिति की जांच किए बिना गलत रिपोर्ट लगाकर शिकायत को बंद कर दिया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि न्याय की उम्मीद में उन्हें अपनी खेती-बाड़ी का काम छोड़कर आए दिन तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर गरीब किसानों की शिकायतों पर जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता क्यों नहीं दिखा रहे हैं?
राममिलन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चकमार्ग संख्या 84 की निष्पक्ष पैमाइश कराकर अवैध कब्जे की जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह