नवरात्र से जलापूर्ति बाधित, भाजपा नेताओं व सभासदों ने किया प्रदर्शन

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में नवरात्र पर्व से गहराए पेयजल संकट को लेकर भाजपा नेताओं, सभासदों और नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा के पूर्व प्रत्याशी धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू और मनोनीत सभासद रिंकू मोदनवाल के नेतृत्व में लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने छठ पर्व से पहले जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर नगर पंचायत कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू ने आरोप लगाया कि नवरात्र से मुख्य सबमर्सिबल पंप खराब पड़ा है, जिससे कस्बे के कई वार्डों में पानी की आपूर्ति प्रभावित है। नवरात्र और दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को साफ-सफाई, रखरखाव और वेतन मद में प्रतिमाह करीब 19 लाख रुपये मिलते हैं, इसके बावजूद पेयजल संकट दूर करने के लिए बजट का अभाव बताया जा रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष निषाद ने नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित कर्मचारियों पर जलापूर्ति बाधित करने का आरोप लगाया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मनोनीत सभासद रिंकू मोदनवाल ने बताया कि अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन से कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन मिला। वार्ड संख्या 10 निवासी सुमित कुमार ने बताया कि पानी की कमी से बच्चों के स्कूल जाने, स्नान और घरेलू कामकाज में परेशानी हो रही है। आईजीआरएस, डीएम पोर्टल और एसडीएम से शिकायत के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हुआ।
इस संबंध में ईओ विनय शंकर अवस्थी ने बताया कि नगर में जलापूर्ति पूरी तरह बंद नहीं है, बल्कि नियमित रूप से पानी दिया जा रहा है। व्यवस्था मजबूत करने के लिए 25 किलोवाट क्षमता की नई मोटर खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस मौके पर योगेंद्र प्रसाद, विकास मोदनवाल, विक्की मोदनवाल, वीरेंद्र निषाद, विकास निषाद आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *