नीम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव

शेयर करे

फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां चौकी अंतर्गत उम्मा का पूरा गांव निवासी 18 वर्षीय अविनाश पुत्र धर्मराज का शव गुरुवार को दोपहर के समय घर से कुछ दूरी पर स्थित खंडहर में नीम के पेड़ से लटकता मिला। पेड़ से शव लटकता देख ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर निजामाबाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, फरिहां चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा, सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम मौके पर पहुंची तथा घटना स्थल की जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने युवक का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक ने किन परिस्थितियों में फांसी लगाई और इसके पीछे क्या कारण रहा। अविनाश दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *