शॉर्ट सर्किट से किराना व जनरल स्टोर में लगी आग

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड लालगंज के चन्देवरा गांव में शुक्रवार की रात करीब 11 बजे शॉर्ट सर्किट से जानवी किराना व जनरल स्टोर में आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

देवगंाव कोतवाली क्षेत्र के चन्देवरा गांव निवासी अमित गुप्ता ने गांव में जानवी किराना व जनरल स्टोर की बड़ी दुकान खोल रखी थी। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों को जलने की गंध महसूस हुई। पहले लोगों ने अपने घरों में जांच की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद जब वे घरों से बाहर निकले तो दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार अमित गुप्ता और फायर सर्विस को घटना की सूचना दी। दुकान में आग लगने की जानकारी मिलते ही अमित गुप्ता चाबी लेकर मौके पर पहुंचे। जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा चावल, गेहूं, अरहर, मटर व चना की दाल, चीनी, गुड़, सरसों का तेल, रिफाइंड, देसी घी, काजू, बादाम, छुहारा, किशमिश सहित अन्य ड्राई फ्रूट, मसाले, पत्तल, कटोरी, गिलास, कॉस्मेटिक सामान, स्टेशनरी, जनरल स्टोर का सामान, कोल्ड ड्रिंक, फर्नीचर, फ्रीजर और ग्लास फ्रीजर समेत पूरा सामान जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए तथा आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *