बारिश से आलू-सरसों की फसलों पर संकट

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र में हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आलू, दलहन और तिलहन की बुवाई का समय होने के कारण बारिश से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। एक तरफ जिन किसानों ने खेतों में बुवाई कर दी है, उन्हें बीज सड़ने का डर सता रहा है, वहीं दूसरी तरफ अभी तक बुवाई नहीं कर पाए किसान मौसम की बेरुखी से परेशान हैं।
क्षेत्र के कई किसानों ने आलू, दलहन और तिलहन की बुवाई कर दी है। लगातार बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ने और जलभराव की स्थिति बनने का खतरा है। ऐसे में किसानों को आशंका है कि यदि खेतों में पानी जमा रहा तो मिट्टी में पड़े बीज सड़ सकते हैं, जिससे फसलों के अंकुरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, जिन किसानों ने अभी तक आलू, दलहन और तिलहन की बुवाई नहीं की है, उनकी चिंता भी बढ़ गई है। बारिश के कारण खेतों में नमी अधिक होने से जुताई और बुवाई में देरी हो सकती है। किसानों को डर है कि यदि मौसम लंबे समय तक ऐसा ही बना रहा तो आलू और सरसों की बुवाई प्रभावित होगी, जिसका असर फसल के उत्पादन पर भी पड़ सकता है।
बारिश के कारण पशुपालकों की परेशानी भी बढ़ गई है। खेतों में पानी और खराब मौसम के चलते पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता तथा चारे को काटने और सुरक्षित रखने में दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में किसान और पशुपालक दोनों ही मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *