बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील में लेखपालों के धरने का असर अब छात्र-छात्राओं के जरूरी कामकाज पर पड़ता दिखाई दे रहा है। समय से जाति और निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पाने से छात्र परेशान हैं। सरकारी योजनाओं में आवेदन करने के लिए जरूरी दस्तावेज न मिलने के कारण उन्हें जनसेवा केंद्र से लेकर तहसील तक बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि लेखपालों के धरने के चलते उनके प्रमाण पत्र समय से नहीं बन पा रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई से जुड़े जरूरी कार्यों के साथ-साथ सरकारी योजनाओं में आवेदन करने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। छात्रों का कहना है कि कई योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय में आवेदन करना जरूरी होता है, लेकिन प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने से वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि कहीं वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाएं।
छात्रों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को जल्द सुचारु कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को राहत मिल सके और वे निर्धारित समय के भीतर सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन कर सकें।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह