छितौनी में रामलीला का हुआ भव्य शुभारंभ

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के ऐतिहासिक गांव छितौनी खास में रविवार को श्री आदर्श रामलीला समिति के तत्वावधान में ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्व मंत्री बलराम यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल और ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान पूरा परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
पूर्व मंत्री बलराम यादव ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, मर्यादा और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देता है। उन्होंने वर्ष 1985 से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए रामलीला समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय कलाकारों की सराहना की।
इनसेट–
कलाकारों के अभिनय में जीवंत होते हैं रामायण के प्रसंग
अतरौलिया (आजमगढ़)। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गांव के स्थानीय कलाकार अपने अभिनय और कला के माध्यम से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत करते आ रहे हैं। चार दशक से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुकी है।
इनसेट–
विजयादशमी पर होगा रावण वध, लगेगा विशाल मेला
अतरौलिया (आजमगढ़)। रामलीला महोत्सव का समापन 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर रावण वध के साथ होगा। इस मौके पर विशाल मेले का आयोजन भी किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार रामलीला महोत्सव में पहुंचने और भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *