दूसरे दिन हुई ब्रह्मचारिणी स्वरूप में मां की पूजा

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे से सटे भैरोपुर गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को सुबह से लेकर दस बजे तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में भोर से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह माता का विधिवत श्रृंगार करने के बाद आरती और भजन-कीर्तन किया गया। इसके बाद भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और माता के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा।
मंदिर के पुजारी अशोक माली ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों तक शीतला माता का अलग-अलग स्वरूपों में भव्य श्रृंगार किया जाता है। प्रतिदिन भोर में माता का श्रृंगार, आरती और भजन-कीर्तन के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था की जाती है।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। निजामाबाद थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह अपने हमराहियों के साथ मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे, ताकि दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *