अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुभासपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजमगढ़ में अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के रानीपुर, बूढ़नपुर स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित सामाजिक समरसता परिक्षेत्र कोयलसा कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष की हार का दावा करते हुए कहा कि हार सामने देखकर विपक्ष अभी से ईवीएम और वोट चोरी का मुद्दा उठा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में 204 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं पूरी कराने का दावा किया।
सम्मेलन में कोयलसा परिक्षेत्र के 45 गांवों और 96 बूथों से पहुंचे जोन प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, सेक्टर अध्यक्ष और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। ओमप्रकाश राजभर ने घोषणा की कि आगामी 29 नवंबर को आजमगढ़ में सुभासपा की ओर से विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के शामिल होने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि रैली में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10-10 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य है और कुल एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आजमगढ़ की 10 विधानसभा सीटों में सुभासपा ने अतरौलिया और दीदारगंज को चिह्नित किया है। पार्टी एनडीए गठबंधन के तहत इन दोनों सीटों पर अपनी दावेदारी पेश करेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले पर भी तंज कसा। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए सामाजिक न्याय का नहीं, बल्कि परिवार और दौलत का गठबंधन है। उन्होंने पीडीए के नाम की अपनी राजनीतिक व्याख्या करते हुए सपा नेतृत्व पर परिवारवाद और टिकट एवं पदों को लेकर सवाल उठाए।
चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर राजभर ने कहा कि विपक्षी दल 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए अभी से वोट चोरी का बहाना बना रहे हैं। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्हें चुनाव में गड़बड़ी का भरोसेमंद सबूत है तो उसे जनता के सामने रखें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि चुनाव आयोग की गड़बड़ी से सांसद बनने का आरोप लगाया जा रहा है, तो संबंधित सांसद इस्तीफा देकर जनता के बीच जाएं और अपना पक्ष रखें।
राजभर ने सपा पर पूजा पाल के मामले में भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पाल ने न्याय की बात उठाई तो उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री की तारीफ करने वाले सपा नेताओं के खिलाफ पार्टी नेतृत्व कार्रवाई नहीं कर पाता।
सम्मेलन में अरुण राजभर ने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि बिना किसी पद पर रहे और बिना वोट की राजनीति को आधार बनाए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के सहयोग से क्षेत्र में 204 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 से 15 हजार तक फर्जी वोट डलवाए जाते थे, लेकिन अब चुनाव आयोग की सख्ती से ऐसे मामलों पर रोक लग रही है। उनके मुताबिक, इसी वजह से विपक्ष बौखलाया हुआ है।
उन्होंने बताया कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र को पांच सेक्टरों में बांटकर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। अतरौलिया, मदियापार, अहिरौला और कोयलसा में सम्मेलन हो चुके हैं, जबकि पांचवां सम्मेलन कौड़िया में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनावों में सुभासपा और एनडीए के प्रत्याशी को जीत दिलाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद