अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में थाना क्षेत्र की विभिन्न मूर्ति पूजा समितियों के अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हुए।
क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। तेज आवाज में डीजे बजाने और अश्लील गाने चलाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पंडालों में प्रवेश और निकासी के दौरान भीड़ न लगने देने के लिए समितियों को अपने वालंटियर तैनात करने को कहा। पूजा पंडाल के आसपास शराब का सेवन कर पहुंचने वालों पर भी निगरानी रखने की जिम्मेदारी समितियों को दी गई। अधिकारियों ने समितियों को निर्देश दिया कि मूर्तियों की स्थापना सुरक्षित स्थान पर ही की जाए और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर मूर्ति न रखी जाए।
उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान सजावट की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन में कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। बैठक में हिमांशु विनायकर, रमेश सिंह, रामू प्रधान, सोनू सिंह, गरीजेश यादव, सूरज सिंह, उपखंड अधिकारी हिमांशु सचान, मनोज कुमार गुप्ता, रोहित राव. सहित विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट- आशीष निषाद