पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में वाहनों की जांच को लेकर परिवहन विभाग ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान नौ अलग-अलग अस्पतालों की एंबुलेंस समेत एक स्कूल वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन स्वामियों और संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
जांच के दौरान एंबुलेंसों के आवश्यक दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, बीमा सहित अन्य जरूरी कागजातों की पड़ताल की गई। नियमों में कमी पाए जाने पर नौ एंबुलेंस का चालान करते हुए कुल 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं जांच के दौरान एक स्कूल वाहन के कागजात भी मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिस पर परिवहन विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन को कोतवाली आजमगढ़ में सीज करा दिया।
एआरटीओ अतुल कुमार यादव ने वाहन संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी वाहन बिना पूर्ण और वैध कागजात के सड़क पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा। विशेष रूप से स्कूल वाहनों और एंबुलेंस की नियमित जांच की जाएगी, ताकि यात्रियों और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट-बबलू राय