अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर रविवार की रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरदह थाना क्षेत्र के बेला खास गांव निवासी आनंद सिंह (30) पुत्र स्व. अवधू सिंह रविवार को किसी आवश्यक कार्य से आजमगढ़ गए थे। काम पूरा करने के बाद वह रात करीब नौ बजे बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़-जौनपुर मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि वाहन की टक्कर से आनंद सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। कुछ ही देर में गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आनंद सिंह की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य माध्यमों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *