दीवार गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सोमवार की शाम करीब तीन बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में काफी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर टीन शेड और अन्य सामान उड़ गए। कहीं बिजली के पोल गिर गए तो कई जगह होर्डिंग, बैनर और पेड़ धराशायी हो गए। अचानक आई तेज आंधी के कारण वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की भी सूचना है।
इसी बीच शहर के गुरु टोला मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सभासद मोहम्मद अफजल के घर के बाहर की ओर बनी मिट्टी की पुरानी दीवार तेज हवा और बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में सभासद की सात वर्षीय बेटी आ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग बच्ची को तत्काल ब्रह्मस्थान स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद मोहल्ले में भी मातम का माहौल है। तेज हवा और बारिश से हुए नुकसान के बाद कई स्थानों पर आवागमन और विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किए जाने की जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट- प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *