आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों की टंकियों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का गंभीरपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल निकालने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद गंभीरपुर के अलावा निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में डीजल चोरी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेंद्र राजभर निवासी बाऊडीह थाना मधुबन, मऊ, अक्षय कुमार निवासी बहोरनपुर थाना मधुबन, मऊ, चन्द्रिका निवासी रसूलपुर आश्रम थाना दोहरीघाट, मऊ और संजय कुमार निवासी गोपालपुर थाना गोला, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दो अक्टूबर की रात थनौली गांव के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया गया था। ट्रक मालिक अरविंद यादव की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सोमवार को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान रोहुआ तिराहे पर पुलिस को सूचना मिली कि डीजल चोरी करने वाला गिरोह बरवां मोड़ के पास पिकअप में सवार है।
सूचना पर पुलिस टीम ने बरवां मोड़ के पास घेराबंदी कर हाईवे किनारे खड़ी पिकअप को रोक लिया। वाहन में सवार चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पिकअप पर यूपी54 एटी 7843 नंबर की प्लेट लगी थी। जांच में यह नंबर एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिला। चेसिस नंबर की जांच करने पर पिकअप का वास्तविक नंबर यूपी54 एटी 7343 निकला, जो आरोपी अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है।
वाहन की तलाशी में प्लास्टिक की पाइप, हथौड़ी, छेनी, करीब 50 लीटर डीजल से भरा जरीकेन और 14 खाली जरीकेन मिले। आरोपियों की तलाशी में 9500 रुपये नकद बरामद हुए।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार