श्याम भजनों से गूंजा अग्रसेन महाविद्यालय प्रांगण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर स्थित श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय के प्रांगण में रविवार रात श्री कृष्ण जी श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ की ओर से श्री श्याम अमृत महोत्सव एवं विशाल भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान श्याम बाबा का भव्य एवं मनमोहक दरबार सजाया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान आशीष गोयल ने सपरिवार बाबा के भव्य श्रृंगार के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मंडल के सदस्य हिमांशु अग्रवाल, मानस अग्रवाल और अक्षत अग्रवाल ने पंचदेव वंदना प्रस्तुत की और गणेश वंदना के साथ कीर्तन का शुभारंभ किया। तीनों ने भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कटिहार से आए प्रसिद्ध भजन प्रवाहक आदर्श दधीच रहे। उनके मंच संभालते ही पंडाल जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा। आदर्श दधीच ने श्याम बाबा के प्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक नाचते-झूमते रहे। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं में उत्साह देखने को मिला। सभागार श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया, जिसके कारण सैकड़ों लोगों ने परिसर के बाहर खड़े होकर भजन संध्या का आनंद लिया। भजन संध्या के समापन के बाद श्याम बाबा की महाआरती की गई और छप्पन भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। इसके बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आदर्श अग्रवाल, मोहित, शिवांश, सूरज, दीपांशु, देव, अक्षत, मानस, हिमांशु, अंश, आकाश, आलेख, अमन, अनमोल, संचित, ओम, राजकुमार अग्रवाल और आयुष अग्रवाल सहित समस्त कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *