मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। ब्रह्म बाबा से हदीसा की तरफ जाने वाले इस मुख्य मार्ग से बकेश गांव को जोड़ने वाली पुलिया लंबे समय से जर्जर और टूटी पड़ी है। मरम्मत और रखरखाव के अभाव में यह मार्ग अब दैनिक यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए हादसों का सबब बनता जा रहा है।
ब्रह्म बाबा से हदीसा मार्ग न केवल स्थानीय गांवों को आपस में जोड़ता है, बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के लिए प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने का एक प्रमुख जरिया भी है। इसी मार्ग से होकर बकेश गांव के लिए रास्ता कटता है। गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पुलिया के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण स्कूली बच्चों, किसानों और रोजाना काम पर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिया के किनारे पूरी तरह टूट चुके हैं और सड़क के किनारों पर घनी झाड़ियां और घास उग आई हैं, जिससे मोड़ पर सामने से आने वाले वाहन साफ दिखाई नहीं देते। पर्याप्त रोशनी न होने और जर्जर किनारे के कारण रात में या बारिश के मौसम में गाड़ियां अनियंत्रित होकर नीचे गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है।
इस समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन से शीघ्र जर्जर पुलिया का नवनिर्माण कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी