लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव में मेहनाजपुर रोड पर सड़क के बीच बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार मुसीबत का सबब बना हुआ है। इस गड्ढे में फंसकर आयेदिन छोटे ऑटो और टोटो पलट रहे हैं। शनिवार को भी एक टोटो गड्ढे में फंसकर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, देवगांव में मेहनाजपुर रोड पर बने इस बड़े गड्ढे की वजह से वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर टोटो और छोटे ऑटो चालकों के लिए यह स्थान बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। सड़क से गुजरते समय गड्ढे में जाने से छोटे वाहन असंतुलित होकर पलट जाते हैं।
इसके बावजूद सड़क की मरम्मत या गड्ढे को भरने के लिए अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल गड्ढे की मरम्मत कराने तथा सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराए।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद