फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड परिसर में सेवा संकल्प सप्ताह महाअभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 18 विभागों ने स्टाल लगाकर शासन की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। विभागों की रोचक प्रस्तुतियों और योजनाओं से संबंधित जानकारी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
बेसिक शिक्षा विभाग का स्टाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। ‘उत्कृष्ट शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था, समर्थ बचपन’ के ध्येय वाक्य के साथ विभाग की योजनाओं और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा एक से तीन तक के बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान विकसित करने के लिए तैयार शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) और गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। वहीं ऑपरेशन कायाकल्प, शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यार्थियों के ठहराव तथा आउट ऑफ स्कूल बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ब्लाक इकाई ने ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूह गठित कर उन्हें रोजगार से जोड़ने तथा स्वावलंबी बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, खाद्य एवं रसद, पशुपालन सहित अन्य विभागों ने भी स्टाल लगाकर पात्रता, योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया और सरकारी सहायता के बारे में लोगों को बताया।
विभागाध्यक्षों और अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण गौरव यादव, एडीओ आईएसबी राजेंद्र प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी अनिल वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पवई प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय विकासखंड सभागार कक्ष में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। बीडीओ पवई संतोष कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 20 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। बीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्रामीणों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय/नरसिंह