एसडीएम की पहल पर तहसील परिसर से हटा मलवा

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील परिसर में अधिवक्ता भवन के सामने वर्षों से पड़े जर्जर भवन के मलबे को बृहस्पतिवार को एसडीएम नेहा मिश्रा की देखरेख में हटाया गया। मलबा हटने से अधिवक्ताओं में खुशी है।
तहसील परिसर में नायब तहसीलदारों के जर्जर न्यायालय कक्ष को पूर्व में गिरा दिया गया था। इसके बाद भवन का मलबा अधिवक्ता संघ भवन के सामने रख दिया गया था। मलबा हटवाने के लिए अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों से कई बार मांग की थी। मलबा न हटाए जाने को लेकर अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन भी सौंपा था। मंगलवार को ज्ञापन देने पहुंचे अधिवक्ताओं का ज्ञापन लेने के बजाय उपजिलाधिकारी के आवास चले जाने को लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी के न्यायालय का बहिष्कार कर दिया था।
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने पहल करते हुए तहसीलदार एसपी सरोज और अधिशासी अधिकारी विनय शंकर अवस्थी के साथ अधिवक्ता संघ भवन के सामने पहुंचकर जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से वर्षों से पड़े मलबे को हटवाने का कार्य शुरू कराया। जिस पर अधिवक्ताओं ने एसडीएम की सराहना की। अधिवक्ताओं ने कहा कि एसडीएम की पहल से लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *