राधा-कृष्ण के नृत्य और शिव तांडव ने मोहा मन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के बीच शहर के दामोदर कटरा में आयोजित छह दिवसीय गणेशोत्सव का समापन प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के साथ हुआ। विसर्जन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता का दर्शन-पूजन कर मंगलमय जीवन की कामना की।
इस वर्ष शोभायात्रा में महाराष्ट्र की जगह शहर की ही बैंड पार्टी को आमंत्रित किया गया था। वहीं, सुल्तानपुर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण के मनमोहक नृत्य और शिव तांडव ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत डांडिया नृत्य भी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मराठा समाज द्वारा दामोदर कटरा सहित घरों में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए अठवरिया मैदान में एकत्र किया गया। एक वाहन पर मुख्य प्रतिमा और उसके आगे अन्य प्रतिमाओं को सजाया गया था। विसर्जन आरती और प्रसाद वितरण के बाद शुरू हुई शोभायात्रा पुरानी सब्जी मंडी, मातबरगंज, चौक, पुरानी कोतवाली और दलालघाट होते हुए गौरीशंकर घाट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर श्रद्धालु अबीर-गुलाल उड़ाते हुए और बैंड बाजे की धुन पर झूमते हुए चल रहे थे। रास्ते भर लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलकर भगवान गणेश का दर्शन किया और प्रसाद ग्रहण किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *