अखिलेश को अब लाल टोपी से भी डर लगने लगा: ओमप्रकाश राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। शनिवार को निरीक्षण भवन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव रंग बदलने में माहिर हो गए हैं और अब उन्हें अपनी पहचान बन चुकी लाल टोपी से भी डर लगने लगा है।
अखिलेश यादव के हाल के नीले गमछे और लाल टोपी वाले पहनावे पर तंज कसते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि यह दलितों को गुमराह करने की कोशिश है।
राजभर ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में दलित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रमोशन में आरक्षण समाप्त किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि दलित महापुरुषों और संतों के नाम पर बनाए गए कुछ जिलों और अस्पतालों के नाम बदले गए तथा दलित कल्याण से जुड़ी योजनाएं बंद की गईं। उन्होंने कहा कि अब वही लोग नीला गमछा पहनकर दलित हितैषी बनने का दिखावा कर रहे हैं।
श्री राजभर ने नाई, पाल, प्रजापति, लोहार, निषाद, बिंद, केवट, मल्लाह, कश्यप, बंजारा, राजभर, चौहान, गुप्ता, चौरसिया, सोनकर और खटीक समेत विभिन्न पिछड़े और वंचित वर्गों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समाजों के लोगों से हाथ मिलाना भी अखिलेश यादव को पसंद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रमुख खुद को बड़ा नेता मानकर वंचित तबकों को अछूत समझने लगे हैं।
यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की खबरों को राजभर ने भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि 95 प्रतिशत आम नागरिकों और छोटे दुकानदारों पर इसका कोई अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा। उनके अनुसार, यह व्यवस्था बड़े व्यावसायिक लेन-देन तक सीमित है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *