अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे के बब्बर चौक पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा व उल्लास के साथ स्थापित की गई भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का देर रात्रि धूमधाम के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा के दौरान पूरा कस्बा ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ और ‘जय श्री गणेश’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक अबीर-गुलाल उड़ाते हुए थिरकते रहे। इस दौरान नन्हीं-मुन्नी बच्चियों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक डांडिया नृत्य ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बब्बर चौक से शुरू होकर नगर पंचायत के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए विसर्जन यात्रा आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर बप्पा को विदाई दी।
यात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। नगर भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों और चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की कड़ी निगरानी में देर रात प्रतिमा का पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रिपोर्ट-आशीष निषाद