पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, तीन की मौत

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास मंगलवार की भोर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की फूलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि सभी युवक श्री गणेश सेवा समिति के सदस्य थे। सोमवार की रात बाबा परमहंस मंदिर के पास गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद पंडाल की सजावट में शामिल थे। मंगलवार की भोर करीब साढ़े चार बजे सभी एक साथ चाय पीने के लिए सरायमीर बाजार जा रहे थे। करीब पांच बजे जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई और पलट गई।
क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह के अनुसार, कार में कुल नौ लोग सवार थे। मृतकों में सत्यम मोदनवाल 20 वर्ष पुत्र रमेश, निखिल गुप्ता 17 वर्ष पुत्र रामफेर गुप्ता और लकी सोनकर 19 वर्ष पुत्र अनिल सोनकर शामिल हैं। सत्यम और निखिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लकी ने फूलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घायलों में अंश सोनकर 17 वर्ष, अनमोल मोदनवाल 18 वर्ष, किशन मोदनवाल 20 वर्ष, सक्षम बरनवाल 17 वर्ष, अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार रमेश यादव की है, जो पंजाब में रहते हैं। कार सुनील गैराज में खड़ी थी और हादसे के समय सत्यम मोदनवाल उसे चला रहा था।
सूचना पर सीओ किरण पाल सिंह और फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *