लाखों की लागत से बनेगा पक्षी रैन बसेरा

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पक्षियों के संरक्षण और उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में कैलेश्वर धाम मंदिर परिसर में अनोखी पहल शुरू हुई है। सोमवार को यहां करीब आठ लाख रुपये की लागत से बनने वाले पक्षी रैन बसेरा (पक्षी घर) के निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। यह पहल गुजरात के व्यवसायी एवं समाजसेवी अखिलेश सिंह के सौजन्य से शुरू की गई है। मंदिर के महंत राम दिलीप दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया। इसके बाद गुजरात से आई टीम ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया। करीब 60 फीट ऊंचे टावरनुमा इस पक्षी घर में हजारों छोटे घोंसले बनाए जाएंगे, जहां पक्षी सुरक्षित रूप से रह सकेंगे और अंडे-बच्चों की देखभाल कर सकेंगे। श्रद्धालु नीचे उनके लिए दाना-पानी भी रख सकेंगे।
बताया गया कि प्रसिद्ध पांच देवस्थलों पर पक्षी घर बनाने की योजना है। कैलेश्वर धाम के बाद भैरव धाम, पौहारी जी स्थान और दुर्वासा धाम समेत अन्य स्थानों पर भी इसके निर्माण का प्रस्ताव है। निर्माण कार्य करीब 10 से 15 दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।
महंत राम दिलीप दास ने कहा कि कैलेश्वर धाम में दूर-दूर से विभिन्न प्रजातियों के पक्षी आते हैं। पक्षी घर बनने से उन्हें सुरक्षित आश्रय मिलेगा। प्रदीप पांडेय ने बताया कि पेड़ों की कटाई से पक्षियों के सामने आश्रय का संकट बढ़ा है। इसी को देखते हुए पांच देवस्थलों पर पक्षी घर बनाए जा रहे हैं। जितेंद्र सोनी ने कहा कि पहले कैलेश्वर धाम के विशाल ताल में साइबेरियन पक्षी भी आते थे। पक्षी रैन बसेरे से धाम की रमणीयता और बढ़ेगी।
धर्मेंद्र निषाद ने पक्षियों को ‘पंखों वाला साथी’ बताते हुए कहा कि बेजुबानों के लिए आश्रय और भोजन की व्यवस्था करना पुनीत कार्य है। नीरज तिवारी ने अखिलेश सिंह को समाजसेवी बताते हुए कहा कि क्षेत्र में पांच स्थानों पर पक्षी घर बनाने का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि परियोजना जल्द पूरी कर ली जाएगी।
इस अवसर पर मास्टर राजेंद्र सिंह, अखंड प्रताप सिंह, दिलीप सिंह, अजय मौर्या, नारद सोनकर, दुर्ग विजय सिंह, राजू आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *