मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों, इंटर कॉलेजों और प्रशासनिक कार्यालयों में ‘हिंदी दिवस’ का आयोजन किया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, स्वरचित काव्य पाठ, भाषण और चित्रकला जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विभिन्न आयोजनों में मुख्य वक्ताओं और शिक्षकों ने हिंदी भाषा की महत्ता, इसके ऐतिहासिक महत्व और वर्तमान दौर में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल एक संपर्क भाषा भर नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध संस्कृति, राष्ट्रीय पहचान और अभिव्यक्ति की आत्मा है। विविधता से भरे भारत देश को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य हिंदी ने किया है, वह अतुलनीय है। आज डिजिटल युग में तकनीक और सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदी का वैश्विक प्रसार और अधिक मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संस्था प्रमुखों ने उपस्थित छात्रों और कर्मचारियों को दैनिक कार्यकाजों में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने और राष्ट्रभाषा के मान-सम्मान को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी