लालबाग के राजा की तर्ज पर सजे गणपति

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराष्ट्र के सबसे बड़े लोकपर्व गणेशोत्सव की धूम अब जिले में भी साफ दिखाई दे रही है। शहर में उत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मराठा समाज की ओर से सोमवार को शहर के दामोदर कटरा में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की वैदिक मंत्रोचार के साथ स्थापना की जाएगी।
आयोजक मंडल के सदस्य संजय भोसले ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी महाराष्ट्र से विशेष रूप से लालबाग के राजा के स्वरूप वाली प्रतिमा मंगवाई गई है। आमतौर पर जिले में गणेशोत्सव सात दिनों तक मनाया जाता है, लेकिन इस बार सातवें दिन रविवार पड़ने के कारण यह आयोजन छह दिवसीय ही होगा। परंपरा के अनुसार रविवार और मंगलवार को प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाता, इसलिए 19 सितंबर को विसर्जन संपन्न होगा।
दामोदर कटरा के मुख्य पंडाल के अलावा शहर के लगभग एक दर्जन मराठी परिवारों के घरों में भी गणपति बप्पा की छोटी प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। श्रद्धालु सुबह 8 बजे और रात 8 बजे मुख्य पंडाल में एकत्र होकर महाआरती में भाग लेंगे। इसके अलावा बाजारों में भी गणेश प्रतिमाओं की जमकर खरीदारी हुई।
शहर के लालडिग्गी बांध स्थित प्रसिद्ध बड़ा गणेश मंदिर में भी गणेश चतुर्थी को लेकर भव्य सजावट की गई है। पूरे मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी झालरों और ताजे फूलों से सजाया गया है। मंदिर के महंत राजेश मिश्र ने बताया कि सोमवार को दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। सुबह भगवान गणेश के भव्य श्रृंगार और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा जाएगा। वहीं, रात 10 बजे शयन आरती के साथ एक दिवसीय विशेष पूजन का समापन होगा।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *