कोटे के चुनाव में मारपीट और हंगामा, बैठक स्थगित

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड कोयलसा की ग्राम पंचायत कटोही में उचित दर विक्रेता (कोटेदार) के चयन के लिए शनिवार को आयोजित खुली बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। कोटे के चयन के लिए सोनी तिवारी पत्नी सत्येंद्र और लालिमा यादव पत्नी सुरेंद्र के बीच चुनाव होना था। चुनाव अधिकारी के रूप में कोयलसा विकासखंड के कृष्ण कुमार उपाध्याय एडीओ आरडी मौजूद रहे। बैठक शुरू होने के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। पंचायत भवन में निर्धारित समय पर खुली बैठक शुरू कराई गई। कोटे के चुनाव में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों को लाइन में खड़ा कराया गया था। इसी दौरान लाइन में खड़े लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और बवाल तक पहुंच गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कोटेदार चयन की प्रक्रिया प्रभावित होने लगी।
हंगामे के कारण चुनाव अधिकारी और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन बैठक की कार्यवाही सुचारु रूप से आगे नहीं बढ़ सकी। बैठक को प्रभावित होता देख अधिकारियों ने खुली बैठक को अगली निर्धारित तिथि तक स्थगित कर दिया। इसके चलते सोनी तिवारी और लालिमा यादव के बीच होने वाला कोटे का चुनाव भी टल गया। अब अगली निर्धारित तिथि पर प्रशासन की मौजूदगी में दोबारा खुली बैठक कराकर कोटेदार का चयन कराया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *