विद्युत चोरी में दस के खिलाफ मुकदमा दर्ज

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां तथा मेंहनगर थाना अंतर्गत विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विजलेंस टीम ने विभिन्न गांवों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से विद्युत चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया।
विजलेंस प्रभारी उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल धनंजय सिंह, महिला हेड कांस्टेबल निधि सिंह, कांस्टेबल सुमित कुमार यादव तथा स्थानीय अवर अभियंता बीनू प्रसाद की टीम ने ग्राम कंचनपुर, नारायणपुर और रासेपुर सहित थाना तरवां एवं मेहनगर क्षेत्र में विद्युत कनेक्शनों की जांच की।
टीम ने कॉलेज, लाइब्रेरी, दुकानों के साथ ही घरेलू आवासों में भी विद्युत आपूर्ति की जांच की। चेकिंग के दौरान कई स्थानों पर लोग बिना विद्युत कनेक्शन के बिजली का उपयोग करते तथा कुछ उपभोक्ता बाईपास कर विद्युत चोरी करते पाए गए। जांच में सामने आए मामलों में करीब 10 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी का मुकदमा पंजीकृत कराया गया।
विजिलेंस टीम ने क्षेत्रीय लोगों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल अथवा मीटर को बाईपास कर विद्युत चोरी करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *