ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। रामबन सिंह के खेत में धान की सोहाई कर रही महिलाओं पर करीब दो बजे आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे एक महिला की मौत हो गयी तथा सात महिलाएं घायल हो गयी।
आकाशीय बिजली गिरने से नीतू (35), पत्नी हरिकांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में संजना (17), पुत्री राम भवन, राधिका (50), पत्नी सहजू, अनीता (40), पत्नी संतोष, सरिता (17), पुत्री जगदीश, रेनू (37), पत्नी राजकुमार तथा गीता (53), पत्नी फूलचंद सहित अन्य शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बरदह थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को आनन-फानन में मार्टिनगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। वहीं मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर डायल 112, 108 एंबुलेंस के साथ मार्टिनगंज एसडीएम बलिराम गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुटे रहे। पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। ग्रामीणों ने पुलिस, प्रशासन, एंबुलेंस कर्मियों और बचाव दल की तत्परता की सराहना की। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-एमके राय