बाढ़ पीड़ित संगठन ने किया पैदल मार्च

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। घाघरा नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर बाढ़ पीड़ित संगठन के बैनर तले ग्रामीणों और संगठन से जुड़े लोगों ने महुला-गढ़वल बांध पर पैदल मार्च निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
संगठन के अध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष घाघरा नदी के जलस्तर में वृद्धि के साथ देवारा क्षेत्र के लोगों को बाढ़, कटान और आवागमन की गंभीर समस्या से जूझना पड़ता है। बाढ़ के दौरान ग्रामीणों के सामने आवागमन, स्वास्थ्य, पशुओं की सुरक्षा, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सुविधाओं का संकट खड़ा हो जाता है। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। संगठन ने अपनी आठ प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।
संगठन से जुड़े लोगों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित जनता लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही है। हर साल बाढ़ आने के बाद राहत और बचाव की व्यवस्था की जाती है, लेकिन पानी उतरने के बाद समस्याएं फिर जस की तस रह जाती हैं। ऐसे में सरकार और प्रशासन को स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कदम उठाना चाहिए। जब तक संगठन की आठों मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *