अकबरी हत्याकाण्ड का खुलासा, पड़ोसी युवती गिरफ्तार

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना बरदह क्षेत्र में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी युवती पड़ोस की ही निकली, जिसने चोरी के दौरान पकड़े जाने के डर से वारदात को अंजाम दिया।
एसएसपी डॉ.अनिल कुमार के अनुसार मृतका अकबरी निवासी ग्राम बरदह का पति ताहिर और बड़ा बेटा समीर मुंबई में रहते हैं। 20 अगस्त को दो छोटे बच्चे स्कूल गए थे, घर पर अकबरी अकेली थी। दोपहर करीब 2 बजे पड़ोसी ने सूचना दी कि अकबरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। इस पर पिता मुस्तफा की तहरीर पर थाना बरदह पर अज्ञात के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बबिता गोंड पुत्री जय प्रकाश गोंड निवासी ग्राम बरदह का अकबरी के घर आना-जाना था। उसे पता था कि अकबरी पैसे बेड के नीचे रखती है और दिन में अकेली रहती है। 20 अगस्त को वह चोरी की नीयत से घर में घुसी और पैसे चोरी करने लगी, तभी अकबरी छत से कमरे में आ गई और चोरी करते देख लिया। विरोध करने पर दोनों में हाथापाई हुई, बाल खींचने के दौरान अकबरी चारपाई के पाये से टकराकर बेहोश हो गई। पकड़े जाने के डर से बबिता ने किचन में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर गला रेत दिया और चाकू को अपने घर के पास करकट में छिपा दिया।
शनिवार को थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार की टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध महिला घर पर मौजूद है। पूछताछ में विरोधाभास मिलने पर कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया।
रिपोर्ट-एमके राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *