शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, लगाए एक दूसरे पर आरोप

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बाकरकोल गांव में शव दफनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष ने घर के सामने सरकारी भूमि पर जबरन शव दफनाने का आरोप लगाया, जबकि मुस्लिम नट समुदाय ने दावा किया कि उक्त स्थान पर करीब 70 वर्षों से शव दफनाए जाते रहे हैं। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अधिकारियों की मौजूदगी में शव दफनाया गया।
रामदुलार राजभर ने आरोप लगाया कि उनके मकान के सामने उनकी आपत्ति के बावजूद शव दफना दिया गया। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में घर के सामने शव दफनाने पर रोक लगाने और मामले की जांच कराने की मांग की।
भाजपा नेता कन्हैयालाल निषाद ने कहा कि किसी के घर के सामने शव दफन करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से दोनों पक्षों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
वहीं मुस्लिम नट समुदाय के लोगों ने कहा कि उनके पूर्वज करीब 70 वर्षों से इसी स्थान पर शव दफनाते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ वर्ष पहले मकान बनने के बाद से शव दफनाने का विरोध किया जा रहा है। समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की और अलग कब्रिस्तान के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
राजस्व निरीक्षक कृष्णकांत सिंह ने बताया कि उक्त स्थान पर परंपरागत रूप से शव दफनाए जाने की जानकारी मिली है। एसडीएम बूढ़नपुर के निर्देश पर फिलहाल वहीं शव दफनाया गया है। ग्राम प्रधान की नियुक्ति के बाद ग्रामीणों से बातचीत कर कब्रिस्तान के लिए अलग भूमि उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल मौके पर स्थिति शांत है, लेकिन भूमि को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बना हुआ है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *