दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत

शेयर करे

लालगंज आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के मेहनाजपुर-देवगांव मार्ग पर मंगलवार देर शाम चिल्लूपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मेहनाजपुर क्षेत्र के बरवा चकिया कसरावल गांव निवासी चंदन यादव 26 वर्ष पुत्र रामाश्रय यादव मंगलवार को बाइक से लालगंज से दवा लेकर देर शाम घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिल्लूपुर मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर विशाल प्रजापति 18 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश प्रजापति और सुदामा 22 वर्ष पुत्र दीपचंद निवासी हैबतपुर दंडवल थाना मेहनाजपुर सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मेहनाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चंदन यादव के परिजन उन्हें इलाज के लिए पीजीआई चक्रपानपुर ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंदन दो भाई और दो बहन में दूसरे नंबर पर थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *