रानी की सराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के ईश्वरपुर स्थित गुड हेल्थ अस्पताल में मंगलवार को तीन माह के बालक की उपचार के दौरान मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। परिजन मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के हरिकिशुनपुर गांव निवासी अरुण पाल ने बताया कि तीन माह के भांजा की तबीयत मंगलवार को सुबह बिगड़ गई। बालक रोये जा रहा था। बालक को लेकर परिजन ईश्वरपुर मुख्य मार्ग पर स्थित गुड हेल्थ अस्पताल मंे पहंुचे। यहां मौजूद कर्मी ने बालक को चार इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के कुछ ही समय बाद बालक ने दम तोड़ दिया। बालक की मौत होते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और परिजन उपचार में लापरवाही का आरोप लगाने लगे। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची।
अस्पताल कर्मचारियों ने पहले इजेक्शन लगाने से इंकार किया परंतु अस्पताल में मौजूद सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मंे इंजेक्शन लगाने की पुष्टि हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने बालक के पोस्टमार्टम के लिए कहा परंतु परिजनों ने इंकार करते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
मृत बालक का घर चिरैयाकोट थाने के रायपुर गांव में है। यहां हरिकिशुनपुर निवासी लालबहादुर पाल के घर ननिहाल में मां अनुपमा के साथ था। तीन माह सात दिन पूर्व इसी अस्पताल में आपरेशन के बाद बच्चे का जन्म हुआ था। दो माह तक इसी अस्पताल में आईसीयू शीशे में बच्चे को रखा गया था। परिजनों ने चार लाख रुपये उपचार पर खर्च किये थे। बच्चे के पिता अतुल पाल मुम्बई मंे कार्य करते हैं। बालक की मौत के बाद परिजन ब्यथित रहे। अस्पताल में घटना के बाद से हड़कंप मचा रहा।
रिपोर्ट-प्रदीप वर्मा