आमरण अनशन पर बैठे सभासद और समाजसेवी

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के शेरपुर तिराहा पर जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर निजामाबाद की सभासद कुलदीप कौर और समाजसेवी अरुण कुमार का आमरण अनशन मंगलवार को 24 घंटे बाद भी जारी रहा। दोनों अनशनकारी खुले आसमान के नीचे बगैर अन्न-जल के धरने पर बैठे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
अनशन के समर्थन में क्षेत्रीय जनता भी धरना स्थल पर पहुंचकर दोनों का उत्साहवर्धन कर रही है। अनशनकारियों की प्रमुख मांग आजमगढ़ से भदुली होते हुए निजामाबाद और कलान चौराहा तक जाने वाले जर्जर मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने की है।
सभासद कुलदीप कौर और समाजसेवी अरुण कुमार का कहना है कि सड़क लंबे समय से बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अनशनकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर इससे पहले करीब नौ बार क्रमिक अनशन और धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। हर बार अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया, लेकिन सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ। उनका कहना है कि अब तक दस बार आंदोलन किया जा चुका है, बावजूद इसके केवल आश्वासन ही मिला है।
कुलदीप कौर और अरुण कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस बार केवल आश्वासन से आंदोलन समाप्त नहीं होगा और मांग पूरी होने तक आमरण अनशन जारी रहेगा।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *