बाबतपुर एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, आजमगढ़ के होटल कारोबारी हिरासत में

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वाराणसी के बाबतपुर स्थित एयरपोर्ट पर रबिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने पहुंचे आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय होटल कारोबारी कमलेश राय की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट के दो स्क्रीनर घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कमलेश राय सुबह करीब पौने दस बजे एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत यात्री के लाइसेंसी असलहे को सील कर पायलट केबिन में रखा जाता है। इस प्रक्रिया में पिस्टल की मैगजीन को अलग करना आवश्यक होता है। इसी दौरान कमलेश राय मैगजीन निकाल रहे थे, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।
गोली चलने से एयरपोर्ट पर तैनात दो स्क्रीनर घायल हो गए। घायलों की पहचान सुमन कुमारी पुत्री नरेश, निवासी मानपुर, थाना बुनियादगंज, जिला गया, बिहार तथा रोहित पुत्र किशोरी प्रसाद, निवासी अंबेर रोहिणी रोड, थाना बिहारशरीफ, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के अनुसार, आजमगढ़ जिले के रामगढ़ निवासी होटल कारोबारी कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जा रहे थे। उनके पास पूरे भारत में हथियार ले जाने का लाइसेंस और यात्रा की अनुमति थी। उन्होंने एयरपोर्ट पर असलहे की घोषणा भी की थी। असलहा चेक कराने के दौरान दुर्घटनावश एक गोली चल गई।
बताया गया कि कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ सात अगस्त को मुंबई से आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र स्थित रामगढ़ अपने पैतृक घर पूजा में शामिल होने आए थे। उनका होटल कारोबार है और वह अपने दोनों बेटों रितेश कुमार और यत्नेश कुमार के साथ मुंबई के मरोल क्षेत्र में रहते हैं।
कमलेश राय के बड़े बेटे रितेश कुमार एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े बताए जाते हैं और एयरपोर्ट के पास वार्ड नंबर 89 के नगर सेवक हैं। वहीं दूसरे बेटे यत्नेश कुमार मुंबई में डॉक्टर हैं।
रामगढ़ गांव में कमलेश राय के पिता केदारनाथ राय और मां ऊषा राय रहते हैं। ऊषा राय ग्राम प्रधान भी हैं। जीयनपुर क्षेत्र में उनके परिवार से जुड़ा बाबू शिवपत्तर राय स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय भी संचालित है।
फिलहाल बाबतपुर एयरपोर्ट पर हुई इस घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं। घायल दोनों स्क्रीनरों की स्थिति और घटना की विस्तृत परिस्थितियों को लेकर अधिकारियों की ओर से आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *