फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील परिसर में ट्रक ले जाने के दौरान तार हटाने को लेकर एक लेखपाल और जनसेवा केंद्र संचालक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। लेखपाल ने जनसेवा केंद्र संचालक पर गाली-गलौज करने और मारपीट के लिए करीब 50 लोगों को बुलाने का आरोप लगाते हुए फूलपुर थाने में तहरीर दी है।
तहरीर के अनुसार, लेखपाल सोनू गिरि तहसील फूलपुर के जौमा लेखपाल मंडल में तैनात हैं। 15 अगस्त की शाम करीब छह बजे तहसील मुख्यालय स्थित सड़क से एक ट्रक को तहसील परिसर के अंदर ले जाया जा रहा था। इस दौरान लेखपाल सोनू गिरि और एसडीएम के सुरक्षाकर्मी ओमप्रकाश सिंह (होमगार्ड) ट्रक के साथ मौजूद थे। आरोप है कि जनसेवा केंद्र के कुछ बिजली के तार ट्रक को परिसर के अंदर ले जाने में बाधा बन रहे थे। जनसेवा केंद्र संचालक सचिन पुत्र कामता प्रसाद निवासी वजीराबाद को तार हटाने के लिए कई बार बुलाया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं आया। इसके बाद लेखपाल ने उसकी गुमटी पर जाकर तार हटाने के लिए कहा।
लेखपाल का आरोप है कि इस बात पर संचालक ने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और अपने गांव से फोन कर करीब 50 लोगों को मारपीट के लिए बुला लिया। यदि वह मौके से दूर नहीं हटते तो उनके साथ मारपीट की जा सकती थी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय