निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बड़ागांव निवासी वीरेन्द्र नाथ मिश्र जिलाध्यक्ष भारतीय पत्रकार संघ, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं पूर्व ग्राम प्रधान की भाभी शकुन्तला मिश्रा की 11 अगस्त को लखनऊ स्थित मैक्स अस्पताल में जापानी बुखार के इलाज के दौरान मौत हो गई थी। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
शुक्रवार को जनपद मुख्यालय से स्वास्थ्य विभाग की टीम डीएमओ संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ागांव पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और जापानी बुखार को लेकर आवश्यक जांच-पड़ताल की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से जानकारी लेने के साथ ही बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया।
इस दौरान गांव में बच्चों का टीकाकरण भी कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को मच्छरों से बचाव, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया। टीम ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने से गांव में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां तेज हो गईं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई और बीमारी की रोकथाम के लिए विभागीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर एएमओ राधेश्याम यादव, एसएमआई विजेंद्र पांडेय, चिकित्सा प्रभारी रानी की सराय डॉ. कैप्टन मनीष त्रिपाठी, अमर बहादुर सिंह, ममता प्रजापति, अर्चना आदि मौजूद रहीं।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र