अस्पताल पहुंचे एमएलसी बलराम यादव, मरीजों का जाना हाल

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विधान परिषद सदस्य एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव ने बुधवार शाम स्थानीय 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ ही परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने साथी भेदौरा गांव के पूर्व प्रधान रामकरन राम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल में संचालित छः बेड के आईसीयू का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बेहतर व्यवस्था पर प्रसन्नता जताई और स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा को बधाई दी।
बलराम यादव ने कहा कि यह अस्पताल सिर्फ अतरौलिया ही नहीं, बल्कि पूरे जिले की शान है। यहां इलाज के लिए आने वाले किसी भी मरीज को निराश नहीं होना चाहिए। अस्पताल की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए जो भी आवश्यकता हो, उसकी जानकारी उन्हें दी जाए। उन्होंने अस्पताल में लगे लिफ्ट के जल्द संचालन को लेकर भी स्वास्थ्य अधीक्षक से बातचीत की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल में मिलने वाली दवाओं, जांच और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। इस दौरान अस्पताल प्रशासन ने उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *