लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में बुधवार की भोर करीब चार बजे कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 75 वर्षीय वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
भोजपुर गांव निवासी राजकुमारी प्रजापति 75 वर्ष पत्नी कुहेस राम प्रजापति बुधवार भोर कच्चे मकान में सो रही थीं। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिजनों ने किसी तरह मलबा हटाकर राजकुमारी प्रजापति को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। राजकुमारी प्रजापति के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद